केंद्रीय मंत्री गडकरी के काफिले को काले झंडे दिखाने वालों पर केस दर्ज, मुरैना में 40 कांग्रेसी गिरफ्तार_
खंडवा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले को काले झंडे दिखाने पर करणी सेना के पदाधिकारियों पर पदमनगर थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
बुधवार को गणेश गोशाला के पास इन लोगों ने प्रदर्शन करते हुए काले झंडे दिखाए थे।पुलिस के अनुसार शिवा पंवार, मोहन सिंह पुत्र कालू सिंह सावनेर दोनों निवासी संजय नगर और जितेंद्र पुत्र हौसीलाल पंवार निवासी नवकार नगर के विरुद्ध धारा 188 में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में बुधवार को पुलिस ने करणी सेना के एक दर्जन पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया था, तब धारा 151 लगाई थी। तीनों पदाधिकारियों को एसडीएम कोर्ट ने जमानत दे दी थी। पुलिस ने पहले 151 और बाद में 188 का प्रकरण दर्ज कर लिया।
मुरैना में शुक्रवार को जन आशिर्वाद यात्रा में सीएम के पहुंचने से पहले कांग्रेस नेताओं काे पुलिस ने गिरफ्तार किया। विरोध प्रदर्शन की तैयारी रहे कांग्रेसियों को पुलिस टीम ने पकड़ा। कांग्रेस नेताओं ने अपनी पीठ पर नेताओं के विरोध के पोस्टर, गो बैक के नारे चिपका रखे थे। इनमें दिमनी विधायक रविंद्र सिंह तोमर, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर समेत कई कांग्रेसी शामिल थे। पुलिस रिकार्ड में 28 लोगों की गिरफ्तारी दर्ज की गई है।