
महाकुंभ में संभवत: 100 करोड़ रुपए होंगे खर्च
ग्वालियर। आज भोपाल में आयोजित होने वाले भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शामिल होंगे। कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए प्रदेश भर के सभी जिलों से लगभग 2000 बसों, टे्रनों, निजी वाहनों से कार्यकर्ता भोपाल पहुंचेंगे। उनके आने-जाने का खर्च, खाने पीने का खर्च एवं अन्य खर्च पार्टी उठाएगी। जाहिर है कि इस पर भारी-भरकम रकम भी खर्च होगी। इस कार्यक्रम में लगभग 10 लाख कार्यकर्ताओं शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने भाजपा पर वार करते हुए कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ में शक्ति प्रदर्शन करने के लिए भाजपा लगभग 01 अरब रुपए खर्च कर रही है। अकेले ग्वालियर से एक करोड़ रुपए कार्यकर्ताओं के आवागमन पर खर्च होगा। इस हिसाब से अगर देखा जाए तो 52 जिलों से 52 करोड़ खर्च होंगे। साथ ही भोपाल में मोदी की अगवानी के लिए भी खर्च होगा। इसके साथ ही प्रदेश सरकार एडवर्टाइजमेंट पर भी करोड़ों रुपए लुटाएगी। लगभग एक अरब रुपए खर्च होंगे। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जनता को ये भी बताएं कि ये 1 अरब की भारी-भरकम रकम आएगी कहां से, ये देगा कौन? क्या 15 वर्षों में किए गए घोटालों में हुई इनकम से मुख्यमंत्री इस खर्च का वहन करेंगे। या फिर आमजन की कमर तोड़ती महंगाई, और टैक्स में बढ़ोत्तरी कर उन्हें आत्महत्या करने पर मजबूर करेंगे।
श्री सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन शुद्ध रूप से राजनैतिक लाभ लेने के लिए किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के सभी जिला आरटीओ एवं अन्य क्षेत्रीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वह अपने-अपने स्तर पर कार्यकर्ताओं को भोपाल भेजने की व्यवस्था करा रहे हैं। प्रदेश की राजधानी भोपाल के सभी महत्वपूर्ण अधिकारी-कर्मचारी भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को सफल बनाने के लिए दिन रात कार्य में लगे हैं। जिसमें बड़ेे पैमाने पर शासकीय धन, तंत्र एवं मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। कहने को यह कार्यक्रम भाजपा द्वारा आयोजित किया जा रहा है। लेकिन वास्तविकता यह है कि उक्त कार्यक्रम का सम्पूर्ण खर्च कम से कम 100 करोड़ रुपए होने की संभावना है, जो शासकीय खजाने से किया जा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि ऐसेे में आगामी विधानसभा चुनाव के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न होने की संभावना कम है।
Leave a Reply