Headlines

कमिश्नर साहब ने कहा–रोज़ 10 बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई कर वसूली करो..

संपत्ति कर वसूली की धीमी गति पर निगमायुक्त हुए नाराज, प्रतिदिन 10 बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

ग्वालियर – नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय ने संपत्ति कर वसूली की समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप सम्पत्तिकर वसूली न होने एवं संपत्ति कर वसूली की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की तथा बडे बकायेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव, श्री मुनीश सिकरवार, उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, श्री उत्तम जखेनिया एवं श्री रजनीश गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने संपत्ति कर वसूली की समीक्षा की तथा लक्ष्य के अनुरूप वसूली न होने पर संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्राधिकारी सम्पत्तिकर जमा कराने में सहयोग करें तथा जिन बडे सम्पत्तिकर दाताओं ने नेशनल लोक अदालत में संपत्ति कर जमा नहीं किया है ..उन्हें नोटिस जारी करें। इसके साथ ही संपत्ति कर वसूली कम होने पर दक्षिण विधानसभा के उपायुक्त एवं तीन आर आई श्री देवेंद्र, श्री दीपक एवं अजय का एक दिवस का वेतन काटते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप वसूली में प्रगति न लाने वाले वार्ड क्रमांक 2, 8, 17 35 37 38 43 47 के करसंग्रकों को आरोप पत्र एवं वार्ड क्रमांक 21 22 23 25 40 46 51 56 के कर संग्राहकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रामीण विधानसभा में लोक अदालत में लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। इसके साथ ही सम्पत्तिकर उपायुक्तों को निर्देशित किया कि बड़े बकायेदार जिनके द्वारा संपत्ति कर जमा नहीं किया जा रहा उन्हें चिन्हित कर प्रतिदिन 10 बडे बकायेदारों पर कार्रवाई करें। साथ ही सभी को मार्च अंत तक हर हाल में लक्ष्य के अनुरूप वसूली करने के निर्देश दिए।