कमल दीपावली मनाएगी भाजपा

कमल दीपावली अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 44 हजार घरों में दीपक जलाने का लक्ष्य- तोमर

 

कमल दीपावली मनाएगी भाजपा
कमल दीपावली मनाएगी भाजपा

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी इस दीपावली पर एक विशेष जनसंपर्क अभियान कमल दीपावली के रूप में शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान के तहत 21 नवंबर को प्रदेश में 1 करोड़ लोगों के घरों तक पहुंचकर पार्टी के कार्यकर्ता शाम 7 से 8 बजे के बीच दीपक जलाएंगे। यह दीपावली भाजपा की विजयी दीपावली होगी। विधानसभा की दृष्टि से लगभग 44 हजार घरों में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दीपक जलाने का काम करेंगे। उक्त बात केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को भाजपा की संभागीय बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ, मंत्री श्रीमती मायासिंह, जयभान सिंह पवैया, मंत्री लालसिंह आर्य, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, यूपी के मंत्री स्वतंत्रदेव शर्मा, संभागीय सहप्रभारीगण वेदप्रकाश शर्मा, राजेश सोलंकी, विवेक जोशी, पूर्व साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा मंचासीन थे।

श्री तोमर ने कहा कि एक करोड़ घर में एक ही समय में दीपक जलना चाहिए, एक करोड़ घर में अगर दीपक जलेगा तो हर विधानसभा क्षेत्र में 44000 दीपक जलेंगे, तो 44 हजार दीपक 7 से 8 बजे तक प्रज्वलित हो एक व्यक्ति कितनी जगह दीपक कार्यक्रम को प्रज्लन करना चाहता है ऐसा नहीं कि आप दीपक बांटे और सत्यापन कर घर बैठ जाएं, हर कार्यकर्ता को 25 घर की जवाबदारी निभाना है। 7 से 8 बजे के बीच में यह दीपक जलवाना है, दीपक जले और उसका फोटो प्रदेश कार्यालय पर भेजा जाना चाहिए और अपने ग्रुप में सोशल मीडिया में भी वायरल किया जाना चाहिए। यह मान के चले सभी कार्यकर्ताओं ने एक करोड़ दीपक का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया तो यह मान लो कांग्रेस उसी समय अपने घर को विदा हो जाएगी।

इस अवसर पर श्री तोमर ने भारतीय जनता पार्टी के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत दो अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को प्रत्येक कार्यकर्ता के घर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गली मोहल्ले गांव में भाजपा का ध्वज फहराता हुआ दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नव मतदाता युवा टाउन हॉल का कार्यक्रम हर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री 230 विधानसभाओं में युवा मतदाताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवा मोर्चा बड़ी संख्या में युवा मतदाताओं को इस कार्यक्रम में लाएं।

श्री तोमर ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि प्रदेश में ऐसा कोई वर्ग ऐसा नहीं है जिसके सर्वांगीण कल्याण के लिए मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह जी की सरकार ने कोई न कोई योजना न बनाई हो। कार्यकर्ताओं का यह प्रयास रहेगा कि कोई भी परिवार संपर्क से छूटे नहीं, साथ ही ऐसा कोई कार्यकर्ता भी न रहे जो संपर्क अभियान का हिस्सा बनने से चूक जाए। श्री तोमर ने कहा कि समृद्ध मध्य प्रदेश अभियान  यह कोई नारा नहीं है यह ऐसा कार्यक्रम है इसके अनुरूप हम सभी क्रियान्वयन करेंगे तो इसका बहुत ही सुखद परिणाम आएगा।

श्री तोमर ने कहा कि कल आने वाली जनआशीर्वाद यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता प्राण प्रण से जुट जाएं और कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस यात्रा में शामिल होने के लिए आग्रह करें।

इस अवसर पर आज हुई संभागीय बैठक में स्वतंत्रदेव शर्मा, संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ ने भी बैठक को संबोधित किया।

0Shares

Post Author: Javed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *