सामान्य नागरिकों के बीच ट्रेन से यात्रा कर अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने रेल विकास को बताया ग्वालियर-चंबल की नई सौगात…
मध्य प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज जौरा से वीरपुर तक की यात्रा ट्रेन क्रमांक 64637 (ग्वालियर–वीरपुर मेमू) के सामान्य डिब्बे में आम यात्रियों के साथ की। उन्होंने सामान्य नागरिक की तरह यात्रियों के बीच यात्रा कर क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाओं के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि विगत 18 अगस्त 2026 को भारत सरकार के रेल मंत्री माननीय श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा कैलारस से वीरपुर तक लगभग 26 किलोमीटर लंबे रेलखंड के ब्रॉडगेज में अमान परिवर्तन का वर्चुअल लोकार्पण किया गया था। इससे ग्वालियर-चंबल अंचल के रेल विकास के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ा है। ब्रॉडगेज रेल सुविधा प्रारंभ होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, पर्यटकों तथा अन्य यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के पर्यटन एवं आर्थिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।
श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल अधोसंरचना के विस्तार और आधुनिकीकरण को अभूतपूर्व गति मिली है। नए रेलमार्गों का विस्तार, छोटी रेल लाइनों का ब्रॉडगेज में परिवर्तन तथा अनेक स्थानों पर दोहरी और चारहरी रेल लाइनों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही देश के ऐसे क्षेत्रों तक भी रेल सुविधाएं पहुंच रही हैं, जहां पहले पर्याप्त रेल संपर्क उपलब्ध नहीं था।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
माननीय अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर प्रयासों से ग्वालियर-चंबल अंचल सहित पूरे मध्य प्रदेश में रेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज आम यात्रियों के साथ ट्रेन में यात्रा करना उनके लिए एक सुखद अनुभव है। यह यात्रा क्षेत्रवासियों के साथ जुड़ाव और रेल सुविधाओं के प्रत्यक्ष अनुभव का भी अवसर बनी।
#नरेन्द्रसिंघतोमर
#memutrain
#Railyatra
