राजस्व मंडल के सचिव विनोद शर्मा आखिरकार रिटायर,विदिशा मुखर्जी ने भी की तारीफ…
ग्वालियर..राजस्व मण्डल ग्वालियर में सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए विनोद शर्मा मेहनती, लगनशील और कर्मयोगी अधिकारी रहे हैं। उन्हें जानने वाले सभी लोग जानते हैं कि विनोद शर्मा ने अपने पूरे सेवाकाल में पूरी मेहनत, लगन और निष्ठा के साथ शासन के दायित्वों का निर्वहन किया है। यह बात ग्वालियर संभाग के आयुक्त बी एम शर्मा ने विदाई समारोह में कही। इस मौके पर राजस्व मण्डल के सदस्य महेशचंद चौधरी, आर के जैन, श्रीमती विदिशा मुखर्जी सहित राजस्व मण्डल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने कहा कि विनोद शर्मा ने अपने शासकीय कार्यकाल के दौरान कई नवाचार के कार्य किए हैं। उनके कार्यों को राज्य सरकार ने भी सराहा है। विनोद शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। इसके साथ ही सिंहस्थ के दौरान भी उनकी सेवाओं को सराहना मिली है। विनोद शर्मा ने अपना पूरा सेवाकाल विभिन्न पदों पर रहकर पूरा किया है। वे जिन पदों पर भी रहे हैं वहाँ पर अपनी एक अलग पहचान उन्होंने बनाई है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।
विदाई समारोह में राजस्व मण्डल के सदस्य महेशचंद चौधरी ने कहा कि श्री विनोद शर्मा द्वारा किए गए शहर विकास के कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को हम लोग भुला नहीं सकते हैं। उनके द्वारा शहरी तथा ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। उनके द्वारा किए गए नवाचारों को प्रदेश के अन्य जिलों ने भी अपनाया है। नगरीय क्षेत्र में इंदौर और ग्वालियर जैसे शहर में निगम आयुक्त के पद पर रहकर उन्होंने शहर विकास के अनेक कार्यों को बेहतर ढंग से क्रियान्वित कराया है। उनकी टीम भावना के कारण ही कठिन से कठिन कार्य वे आसानी से कर लेते थे।
राजस्व मण्डल के सदस्य आर के जैन ने कहा कि विनोद शर्मा के साथ उनका बहुत पुराना परिचय है। मैंने उनके साथ कई पदों पर साथ रहकर कार्य किया है। विनोद शर्मा में कार्य कर लगन की जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम है। शर्मा 24 घंटे शासकीय कार्यों के लिए लगे रहते थे। इस मौके पर श्रीमती विदिशा मुखर्जी ने कहा कि विनोद शर्मा के साथ कार्य करने का मुझे भी मौका मिला है। शर्मा अपने अधीनस्थों से कार्य कराने का हुनर जानते हैं। वे हर कर्मचारी से उसकी योग्यता के अनुसार काम करा लेते हैं। इस प्रकार विनोद शर्मा के साथ कार्य करने का अनुभव बहुत ही सुखद और प्रेरणादायी रहा है।
सेवानिवृत्त होते हुए राजस्व मण्डल के सचिव विनोद शर्मा ने कहा कि ग्वालियर और मालवा क्षेत्र में अपने सेवाकाल का अधिकतम समय व्यतीत करने के बाद मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि दोनों ही स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार मित्रों और आम जनों का मुझे भरपूर सहयोग और आशीर्वाद मिला है। पर्यावरण के क्षेत्र में भी मैं जो काम कर पाया, वह सभी के सहयोग से ही संभव था। बी एम शर्मा एवं आर के जैन का सहयोग और आशीर्वाद मुझे पूरे सेवाकाल में मिलता रहा है। मैं उम्मीद ही नहीं पूर्ण रूप से आश्वस्त हूँ के जीवन के अंतिम पड़ाव तक मुझे इन दोनों का आशीर्वाद और सहयोग मिलता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में राजस्व मण्डल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विनोद शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट किया।