Bjp member ship campaign–दो दिनों में भाजपा में शामिल हुए 14 विधानसभा क्षेत्रों के 35843 कार्यकर्ता..

वादाखिलाफी करने वालों, भ्रष्टाचारियों, विश्वासघातियों को चुनाव में जवाब दें कार्यकर्ता..

पार्टी नेताओं ने नवागत कार्यकर्ताओं से किया अंचल की सभी सीटें जीतने का आह्वान..

विगत दो दिनों में भाजपा में शामिल हुए 14 विधानसभा क्षेत्रों के 35843 कार्यकर्ता..

ग्वालियर 23 अगस्त। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार झूठ और छलकपट के सहारे बनी। इस सरकार ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। पूरे प्रदेश को भ्रष्टाचार में डुबा दिया। कमलनाथ सरकार ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की जनता और ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के साथ विश्वासघात किया। आने वाला उपचुनाव करो या मरो की लड़ाई है और इस उपचुनाव में आप सब वादाखिलाफी करने वाली, भ्रष्टाचारी और विश्वासघात करने वाली को जवाब दें, सभी सीटों पर भाजपा को जीत दिलाएं। यह आह्वान पार्टी नेताओं ने रविवार को भाजपा की सदस्यता लेने वाले हजारों कार्यकर्ताओं से किया। रविवार को शहर के फिजिकल कॉलेज, मेला ग्राउंड और फूलबाग में आयोजित सदस्यताग्रहण कार्यक्रमों में ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर दक्षिण, मुरैना, सुमावली, अंबाह, दिमनी और जौरा के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चैहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा एवं वरिष्ठ नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
कांग्रेस के विश्वासघात का जवाब चुनाव में ब्याज सहित दें – शिवराजसिंह
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चैहान ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप जिस विश्वास से भाजपा परिवार में आये हैं, मेरे प्राण भले ही चले जायें, लेकिन आपके उस विश्वास को टूटने नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि आप सब कमर कसकर चुनाव में उतरें और कांग्रेस ने, कमलनाथ ने, ग्वालियर- चंबल क्षेत्र की जनता और ज्योतिरादित्य जी के साथ जो विश्वासघात किया है, उसका हिसाब ब्याज सहित उपचुनावों में वसूल कर लें। श्री चैहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, यही कारण है कि यहां बूथ अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है, लेकिन दशकों से कांग्रेस में एक ही परिवार के व्यक्ति अध्यक्ष बने बैठे हैं। जवाहरलाल नेहरू जी, फिर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, फिर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और फिर सोनिया गांधी अध्यक्ष बनी। कांग्रेस में सिर्फ ‘मोहम्मद की टोपी अहमद के सिर और अहमद की टोपी मोहम्मद के सिर’ की परंपरा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस के यही हाल हैं। यहां अध्यक्ष भी कमलनाथ, मुख्यमंत्री का नम्बर आये तो भी कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष भी कमलनाथ और युवाओं का नेता नकुलनाथ, बाकी सब अनाथ हैं। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं के साथ विश्वासघात की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादों के सहारे सरकार बनाई और कमलनाथ जी ने किसानों, युवाओं और महिलाओं से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। इसके लिए कमलनाथ को जनता ही सजा देगी। श्री चैहान ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ ने प्रदेश में कोई विकास नहीं किया। जब भी विधायक कोई मांग करते, तो वे पैसों की कमी का रोना रोते थे। श्री चैहान ने कहा कि कोरोना काल में टैक्स नहीं आ रहे हैं, लेकिन हमारी सरकार ने 2200 करोड़ रुपया फसल बीमा का प्रीमियम जमा करके 3100 करोड़ रुपये किसानों के खाते में जमा करवा दिये। सितंबर के पहले सप्ताह में साढ़े 4 हजार करोड़ रुपया और किसानों के खाते में जमा होगा। श्री चैहान ने कहा कि 37 लाख नये लोगों के नाम जोड़कर उन्हें एक सितंबर से निरूशुल्क राशन देना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन साल में हम सब मिलकर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बना देंगे।
आने वाले उपचुनाव में दलालों, झूठ बोलने वालों को जवाब दें- विष्णुदत्त शर्मा
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और एकात्म मानवतावाद के जिस विचार को लेकर इस पार्टी की यात्रा शुरू हुई, उसका बीजारोपण पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने ग्वालियर में ही किया था। इसी ग्वालियर में अटलजी और राजमाता जी ने भाजपा को सींचा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार की तरह काम करती है और इस परिवार में मैं आप सभी का स्वागत करता हूं। सिंधिया जी ने कहा था कि ये कार्यकर्ता मेरी 20 साल की पूंजी हैं और मैं आप सभी को यह विश्वास दिलाता हूं कि आपके मान-सम्मान की रक्षा के लिए, चंबल की शान के लिए पार्टी का पूरा नेतृत्व, हम सब खड़े होंगे, आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव प्रदेश को बचाने का चुनाव है। इसमें हमारी लड़ाई दिग्विजय-कमलनाथ की झूठमंडली से है। इसलिए आज आप सब ये संकल्प लें कि आने वाले चुनाव में दलालों, झूठ बोलने वालों जवाब देंगे और सभी 27 सीटों पर भाजपा को जीत दिलाएंगे। श्री शर्मा ने कहा कि सिंधिया जी ने प्रदेश में दुंरावस्था लाने वाली कांग्रेस की सरकार को गिराकर देश को जो संदेश दिया है, वो संदेश कई साल पहले राजमाता जी ने डी.पी.मिश्रा की सरकार को उखाड़कर पूरे देश को दे दिया था। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस राम मंदिर का विरोध कर रही थी, तब भी सिंधिया जी ने मंदिर का समर्थन किया था। उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने और नागरिकता संशोधन कानून का भी समर्थन किया और इसकी वजह यह है कि उनकी दादी राजमाता जी ने उनके मन-मस्तिष्क में राष्ट्रवाद का बीजारोपण किया था। इसी का परिणाम है कि भ्रष्टाचार, गरीबों के हितों पर आघात करने वाली सरकार गई और शिवराज जी के नेतृत्व में एक राष्ट्रवादी सरकार प्रदेश में आ गई है, जो हर व्यक्ति की चिंता करती है। श्री शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर आरोप हैं कि उन्होंने गांधी परिवार को फायदा पहुंचाने के लिए चीन के साथ समझौते किए। उन पर अभी भी सिख दंगों में उनकी भूमिका को लेकर आरोप हैं और प्रदेश की जनता इन आरोपों पर कमलनाथ जी से जवाब चाहती है।
आप सभी का निर्णय अभिनंदनीय है – नरेंद्रसिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कहा कि आप सभी अब हमारे परिवार के सदस्य बन गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने विकास के नाम पर अन्याय और अत्याचार किया। इन्हीं परिस्थितियों के कारण ही श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में आये और उन्होंने जो निर्णय लिया, वह आसान नहीं था। श्री तोमर ने कहा कि सिंधिया जी के साथ आप सभी कार्यकर्ताओं ने भी जो निर्णय लिया है, वह अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि हमारे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अटल बिहारी वापजेयी थे और आज श्री जगतप्रकाश नड्डा जी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। यह किसी एक परिवार के सदस्य नहीं हैं, बल्कि कार्यकर्ता के रूप में संघर्ष करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। उन्होंने कहा कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। श्री तोमर ने कहा कि आने वाले चुनाव एक चुनौती हैं, जिसे प्रत्येक कार्यकर्ता को स्वीकार करना होगा। शिवराज जी के नेतृत्व में हम अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए यह कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यह संकल्प का समय है और हमारी सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब हम सभी सीटों पर विजय हासिल करेंगे। भारतीय जनता पार्टी को जिताने के लिए इस यज्ञ में सभी कार्यकर्ताओं को आहुती देनी होगी।
सिंधिया जी सच्चे देशभक्त, कांग्रेस में रहकर भी किया राष्ट्रवाद का समर्थन – प्रभात झा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सिंधिया जी सच्चे राष्ट्रवादी हैं और इसके संकेत उन्होंने कांग्रेस में रहते ही दे दिया था। उन्होंने कहा कि जो सच्चा देशभक्त है, राष्ट्रवादी है, वो कभी सीएए, 370, ट्रिपल तलाक और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर विरोध नहीं करेगा। इन मुद्दों पर सिंधिया जी के ट्वीट से ही स्पष्ट हो गया था कि अब वे अधिक दिनों तक कांग्रेस में रहने वाले नहीं हैं। श्री झा ने कहा कि कमलनाथ कांग्रेस के नेता कम उद्योगपति ज्यादा हैं, जिन्हें सत्ता में आने के बाद प्रदेश और कार्यकर्ता की चिंता नहीं थी। प्रदेश अध्यक्ष भी वही थे और मुख्यमंत्री भी वही। लेकिन ऐसा सिर्फ कांग्रेस में ही होता है। उन्होंने कहा कि अगर यह भारतीय जनता पार्टी की परंपरा रही होती, तो आज हम सब यहां नहीं बैठे होते। श्री झा ने कहा कि यहां हम सभी कार्यकर्ता हैं, चाहे कितना भी बड़ा नेता हो, सभी में कार्यकर्ता भाव होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में मैं आप सभी का स्वागत करता हूं और आने वाले उपचुनावों में सभी सीटें जीतने के लिए हम सभी मिलकर काम करेंगे। जब हम 27 में से सभी 27 सीटें जीतेंगे, तो मुझे पूरा विश्वास हैं 2024 में भी दीवार पर लिखा होगा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की पांचवी बार सरकार बनी।
हम जनता के सेवक हैं, कुर्सी के नहीं – ज्योतिरादित्य सिंधिया
उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मैं अपनी दादी और पिता की तरह जनता का सेवक हूं, कुर्सी का सेवक नहीं। यदि में मैं कुर्सी का सेवक होता, तो जब कमलनाथ थी, दिग्विजय जी ने मुझे डिप्टी सीएम बनने का प्रस्ताव दिया था, तो मैं स्वीकार कर लेता। लेकिन मुझे पता था कि सरकार में जो लोग बैठे हैं, वो प्रदेश का क्या हश्र करने वाले हैं और उसका भार मैं अपने ऊपर नहीं लेना चाहता था। श्री सिंधिया ने कहा कि इतिहास गवाह है, ग्वालियर अंचल में कभी कांग्रेस को इतनी सीटें नहीं मिलीं। अगर 5-6 सीटें भी कम हो जातीं, तो 15 महीने पहले ही भाजपा की सरकार बन जाती। हमें आशा थी कि कांग्रेस की सरकार विकास करेगी, सभी के लिए काम करेगी। लेकिन कांग्रेस की इस सरकार ने किया क्या? मंदसौर में किसानों का दो लाख तक का कर्ज 11 दिनों में माफी करने और न होने की स्थिति में मुख्यमंत्री बदलने का वादा किया, लेकिन 11 महीने बाद भी कर्जमाफी नहीं हुई। कन्याओं के विवाह हो गए, बच्चे हो गए, लेकिन 51 हजार रुपये नहीं मिले। युवाओं को भत्ता नहीं मिला। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने तो लोगों को कोरोना से बचाने के लिए देश में लॉकडाउन लगाया, लेकिन कमलनाथ ने साल पहले ही वल्लभभवन को जनता के लिए लॉक कर दिया था। सिर्फ ठेकेदार और व्यापारी ही जा सकते थे। मंत्रियों, विधायकों के लिए मुख्यमंत्री के पास समय नहीं था। कांग्रेस ने वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। श्री सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस के लोग अब हम पर आरोप लगाते हैं, लेकिन पिछले 15 महीनों में इस सरकार ने जो भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी की, उसके कारण हमें यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते कभी इस क्षेत्र में चेहरा नहीं दिखाया। दूसरी तरफ शिवराज जी हैं, जिन्होंने यहां आने से पहले 250 करोड़ के कामों को मंजूरी दे दी। कमलनाथ हमेशा पैसों का रोना रोते रहते थे, लेकिन अब शिवराज जी ने जनता के लिए खजाना खोल दिया है। श्री सिंधिया ने कहा कि आने वाला चुनाव करो या मरो की लड़ाई है। यह ग्वालियर- चम्बल क्षेत्र के मान सम्मान और प्रदेश का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। ये वादाखिलाफी करने वालों और भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने की लड़ाई है। इसलिए आने वाले चुनाव में कांग्रेस को जवाब दें और सभी सीटों पर हराएं।
भाजपा में शामिल होने उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़
– सदस्यता ग्रहण समारोह के दूसरे दिन रविवार को समाचार लिखे जाने तक 14 विधानसभा क्षेत्रों के 35843 कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले चुके थे। वहीं दो विधानसभा क्षेत्रों के कार्यक्रम जारी थे।
– फिजीकल कॉलेज में ग्वालियर ग्रामीण एवं ग्वालियर दक्षिण क्षेत्र के 2500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यकर्ताओं को प्रदेश शासन के मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद श्री विवेक शेजवलकर ने संम्बोधित किया। मंच का संचालन श्री कौशल शर्मा एवं आभार श्री प्रमोद खण्डेलवाल ने माना।
– मेला ग्राउण्ड में आयोजित कार्यक्रम में मुरैना विधानसभा के अनेक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। उपस्थित कार्यकर्ताओं को श्री रूस्तम सिंह, श्री रघुराज कंसाना ने संम्बोधित किया। मंच का संचालन श्री योगेश पाल गुप्ता एवं आभार श्रीवल्लभ डण्डौतिया ने माना।
– फूलबाग मैदान में हुए कार्यक्रम में सुमावली एवं अंबाह विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यकर्ताओं को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री एंदल सिंह कंसाना एवं श्री गजराज सिंह सिकरवार, श्री कमलेश जाटव, श्री गब्बर सखवार ने भी संम्बोधित किया। संचालन श्री योगेश पाल गुप्ता ने किया एवं आभार श्री कमलेश जाटव ने माना।
– फूलबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में दिमनी और जौरा विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री गिर्राज डण्डौतिया, श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं को संम्बोधित किया। मंच का संचालन श्री योगेश पाल गुप्ता ने किया एवं आभार श्री सूबेदार सिंह ने माना।

0Shares

Post Author: Javed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *