लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में नौ राज्‍यों की 71 सीटों पर 64 प्रतिशत से अधिक मतदान

लोकसभा चुनावों के लिए चौथे चरण में आज 64 प्रतिशत से अधिक मतदान रिकार्ड किया गया। नौ राज्‍यों में 71 संसदीय क्षेत्रों के लिए इस चरण का मतदान हुआ।

आज शाम नई दिल्‍ली में संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए वरिष्‍ठ उप निर्वाचन आयुक्‍त उमेश सिन्‍हा ने बताया कि बड़ी संख्‍या में महिला और वरिष्‍ठ नागरिकों ने मतदान में भाग लिया। अब तक लोकसभा की 543 सीटों में से 373 के लिए मतदान संपन्‍न हो चुका है। सिन्‍हा ने बताया कि इस चरण में मामूली घटनाओं को छोड़कर आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण रहा।

महाराष्‍ट्र की 17, राजस्‍थान और उत्‍तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की आठ, मध्‍यप्रदेश और ओडिसा की छह-छह, बिहार की पांच और झारखंड की तीन सीटों पर आज वोट डाले गये।

कुल 961 उम्‍मीदवारो में केन्‍द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, एस एस अहलूवालिया, बाबुल सुप्रियो और सुभाष भामरे शामिल हैं। कांग्रेस के पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और अधीर रंजन चौधरी भी मैदान में हैं। अन्‍य मुख्‍य उम्‍मीदवारों में भाजपा के बैजयंत जय पांडा, समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव, कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा और उर्मिला मातोंडकर तथा तृणमूल कांग्रेस की शताब्‍दी राय शामिल हैं।

महाराष्‍ट्र में मुम्‍बई और ठाणे की दस सीटों सहित कुल 17 सीटों पर मतदान शांतिपूर्वक सम्‍पन्‍न हो गया। मुंबई की करीब 50 प्रतिशत से भी अधिक मतदाताओं ने वोटिंग में हिस्‍सा लिया। मुंबई की छह सीटों समेत मुंबई की बाकी की 11 सीटों पर भी शांतिपूर्ण मतदान दर्ज किया गया है।

मध्‍य प्रदेश में 13 हजार से अधिक मतदान केन्‍द्रों पर वोट डाले गये। मध्य प्रदेश की 6 लोकसभा सीटों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा में पिछले आम चुनावों की तुलना में आज अधिक मतदान हुआ। इन सीटों पर 2014 में 64 प्रतिशत मतदान हुआ था।

आज के मतदान में मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके बेटे नकुल नाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित 108 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया।

उत्‍तर प्रदेश में 13 निर्वाचन क्षेत्रों में ईवीएम में कुछ गड़बिड़यों और कुछ स्‍थानों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। इस चरण में 18 महिलाओं सहित 152 उम्‍मीदवारों का राजनीतिक भाग्‍य आज ईवीएम मशीनों में बंद हो गया। यहां सभी बड़े राजनीतिक दलों द्वारा अपने उम्‍मीदवार खड़े किए गये जिनमें भाजपा ने सभी सीटों और कांग्रेस ने 12 सीटों पर अपने प्रत्‍याशी उतारे। सपा-बसपा और रालोद गठबंधन के अंतर्गत बसपा ने छह और सपा ने सात सीटों पर अपने उम्‍मीदवार खड़े किये हैं। वहीं सी.पी.आई. ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा है। इस चरण के प्रमुख उम्‍मीदवारों में समाजवादी पार्टी अध्‍यक्ष अखिलेश यादव की पत्‍नी डिंपल यादव, कांग्रेस के सलमान खुर्शीद और श्रीप्रकाश जयसवाल, भाजपा के सत्‍यदेव पचौरी, साक्षी महाराज और रामशंकर कठेरिया शामिल हैं। कन्‍नौज सीट को छोड़कर इस चरण की सभी शेष 12 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कब्‍जा है। कन्‍नौज सीट पर कांग्रेस ने अपना उम्‍मीदवार नही उतारा है इसलिए यहां चुनाव द्विपक्षीय हो गया है।

बिहार में पांच निर्वाचन क्षत्रों में लोगों ने बड़ी संख्‍या में वोट डाले। 2014 लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 2.74 प्रतिशत अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे अधिक 61 प्रतिशत मतदान बेगुसराय और समस्तीपुर में रिकार्ड किया गया। महिलाओं ने लगभग सभी इलाकों में उत्साहित होकर वोट डाला। आज के मतदान के बाद इन प्रमुख उम्मीदवारों का राजनीतिक भाग्य इवीएम में बंद हो गया उनमें प्रमुख हैं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय, राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी प्रमुख उपेन्द्र कुशवाह और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार।

पश्चिम बंगाल में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक रहा।

ओडिसा विधानसभा की 41 सीटों पर भी मतदान हुआ।

जम्‍मू कश्‍मीर के कुलगाम जिले की अनंतनाग लोकसभा सीट पर भी मतदान कराया गया।

0Shares

Post Author: Javed Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *